ग्रेटर नोएडा। लोधी क्षत्रिय समाज 22 मार्च को लोधी क्षत्रिय रेल परिवार सम्मान समारोह का भव्य आयोजन कर रहा है। कार्यक्रम नॉलेज पार्क-3, ग्रेटर नोएडा स्थित प्रिंस इंस्टीट्यूट ऑफ इनोवेटिव टेक्नोलॉजी (PIIT कॉलेज) में आयोजित होगा, जिसमें लोधी क्षत्रीय समाज के प्राध्यापकों, शिक्षाविदों, अभियंताओं, चिकित्सकों, राजकीय जनसंरक्षकों, मेधावी छात्रों, भारतीय रेल एवं मैट्रो रेल में सेवारत तथा सेवानिवृत्त सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में भारतीय रेलवे के सभी जोन प्रमुख कॉर्पोरेशन निकाय और विभाग शामिल होंगे।
समारोह के मुख्य प्रवक्ता शिक्षाविद् प्रोफेसर (डॉ.) भरत सिंह होंगे, जो पीआईआईटी कॉलेज के चेयरमैन हैं। उन्होंने कहा है कि किसी भी समाज के विकास का प्रथम कदम संगठन है। जब तक हम सभी संगठित होकर कार्य नहीं करेंगे, तब तक हमारा समाज मजबूत नहीं होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र और समाज की मजबूती के लिए समाज को संगठित होकर कार्य करना होगा। खासकर युवाओं को समाज सेवा, संस्कार और संस्कृति से जुड़ने का आह्वान करते डॉ. भरत सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
उल्लेखनीय है कि लोधी क्षत्रिय समाज समय-समय पर रेल परिवार के सदस्यों (रेलवे में कार्यरत एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों व कर्मचारियों) को सम्मानित कर उनके कार्यों को सराहता और उन्हें प्रोत्साहित करता रहा है। साथ ही सामाजिक जुड़ाव के लिए इन समारोहों में समाज के महापुरुषों जैसे रानी अवंतीबाई लोधी को याद किया जाता है और समाज को सशक्त बनाने पर चर्चा की जाती है। रविवार, 22 मार्च के कार्यक्रम में भी पारिवारिक परिचय, शिक्षा से पहले नैतिक शिक्षा, अच्छे संस्कार और अध्यात्मिक विद्या, कौशल शिक्षा, रोजगार, व्यापार, देश-विदेश में रहते हुए समाज से जुड़े रहने के तरीके, शादी-विवाह को आसान बनाने, माता-पिता व सामाजिक सुरक्षा- व्यवस्था पर गंभीरता से चितंन-मंथन किया जाएगा।
सम्मान समारोह में भारतीय रेलवे वित्त निगम, भारतीय रेल खानपान और पर्यटन निगम, कंटनेर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया, रेल विकास निगम लिमिटेड, मुंबई रेलवे विकास निगम लिमिटेड, रेलवे कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेट, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, रेल इंडिया टेक्निकल एंड एकोनॉमिक सर्विस, इंडियन रेलवे कांस्ट्रेक्शन इंटरनेशनल लिमिटेड, सेंटर फॉर इन्फार्मेशन सिस्टम्स, इंट्रीगल कोच आदि जैसे संस्थान एवं प्रतिष्ठान से जुड़े गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना है।
