पत्रकारिता, डिजिटल मीडिया और सामाजिक सरोकारों पर होगा व्यापक विमर्श
ऋषिकेश, डॉ. विवेक कुमार त्रिपाठी। संवाद, अध्ययन, साधना और संपादन को केंद्र में रखते हुए “राष्ट्रीय संपादक और विद्वत सम्मेलन-2026” का आयोजन आगामी 12, 13 एवं 14 सितंबर 2026 को ऋषिकेश में किया जाएगा। तीन दिवसीय सम्मेलन का आयोजन श्री वृंदावन रिसॉर्ट, मोहन चट्टी, गढ़ू घाट, ऋषिकेश में प्रस्तावित है।
सम्मेलन का आयोजन भारतीय संपादक परिषद द्वारा किया जा रहा है, जबकि टाइगर कमांड हिंदी समाचार पत्र सह-प्रायोजक के रूप में सहयोग कर रहा है।
सम्मेलन में संपादकों एवं पत्रकारों का राष्ट्रीय संवाद, विद्वत व्याख्यान एवं चिंतन, डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के नए आयाम, योग एवं साधना, आध्यात्मिक सत्र, नेटवर्किंग एवं सहयोग सहित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही प्रतिभागियों के सम्मान एवं प्रेरणात्मक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
आयोजकों के अनुसार सम्मेलन का उद्देश्य पत्रकारिता को समाचार संप्रेषण तक सीमित न रखते हुए उसे विचार, संवाद, सामाजिक उत्तरदायित्व और व्यापक राष्ट्रीय दृष्टि से जोड़ना है। बदलते डिजिटल मीडिया परिवेश में संपादकीय मूल्यों, पत्रकारिता की विश्वसनीयता और समाज के प्रति मीडिया की भूमिका पर भी विमर्श अपेक्षित है।
ऋषिकेश की प्राकृतिक एवं आध्यात्मिक पृष्ठभूमि में आयोजित होने वाला यह सम्मेलन देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले संपादकों, पत्रकारों एवं विद्वतजनों को आपसी संवाद और अनुभव साझा करने का अवसर प्रदान करेगा।
सम्मेलन का मूल संदेश “एक मंच–अनेक विचार, एक लक्ष्य–श्रेष्ठ पत्रकारिता” रखा गया है।
