सवाई माधोपुर में "विजय गाथा" महोत्सव संपन्न: संघर्ष और सफलता की कहानियों को मिला शाही सम्मान

सवाई माधोपुर (राजस्थान), संदीप द्विवेदी। सवाई माधोपुर के भव्य अनंतम रिज़ॉर्ट में "विजय गाथा – संघर्ष और सफलता का शाही उत्सव" का गरिमय आयोजन संपन्न हुआ। जय जननी संस्थान एवं CODI (Come On Do It Women's Group) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस भव्य समारोह का मुख्य उद्देश्य उन प्रेरणादायक पुरुषों एवं महिलाओं को सम्मानित करना था, जिन्होंने जीवन के कड़े संघर्षों को मात देकर सफलता की नई इबारत लिखी और समाज के सामने एक मिसाल पेश की।



प्रतिष्ठित हस्तियों की रही गरिमामय उपस्थिति
कार्यक्रम का कुशल नेतृत्व CODI की संस्थापिका श्रीमती शिवानी सिंह तथा जय जननी संस्थान की संस्थापिकाओं अन्नू गुप्ता एवं अमिता शर्मा ने किया। समारोह के मुख्य अतिथि जयपुर के सिविल लाइंस से विधायक आदरणीय श्री गोपाल जी शर्मा रहे।
विशिष्ट अतिथियों में विख्यात लेखक एवं चिकित्सक डॉ. ओमेंद्र रतनु, RAS अधिकारी पंकज ओझा (गोपालन विभाग, राजस्थान सरकार), अंतरराष्ट्रीय सिल्वर मेडलिस्ट सुनील कुमार साहू, डॉ. राजश्री राघवेंद्र, राजेंद्र सिंह गुड़ा, प्रियव्रत शर्मा, हेमंत कुमार, संदीप गोयल, सरस्वती ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट की निदेशक श्रीमती मंजू शर्मा सहित एडवोकेट कमलकांत शाह, एडवोकेट प्रियंका गौड़, हेमलता शर्मा, तेजस्वी शर्मा और अंजली शर्मा जैसे कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





सिल्वर मेडलिस्ट सुनील कुमार साहू ने जगाया प्रेरणा का अलख
कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय सिल्वर मेडलिस्ट सुनील कुमार साहू के प्रेरक उद्बोधन ने उपस्थित जनसमूह को गहराई से प्रभावित किया। उन्होंने अपने जीवन की चुनौतियों, कठिन परिस्थितियों और खेल जगत के संघर्षों को साझा करते हुए युवाओं को संदेश दिया कि यदि इंसान में अटूट हिम्मत, कड़ी मेहनत और निरंतर प्रयास करने का जज्बा हो, तो बड़ी से बड़ी मुश्किल को भी सफलता में बदला जा सकता है।



सनातन संस्कृति और राष्ट्र निर्माण पर जोर
मुख्य अतिथि विधायक गोपाल जी शर्मा और डॉ. ओमेंद्र रतनु ने अपने संबोधन में सनातन संस्कृति, सामाजिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि संघर्ष से तपकर निकले लोगों का सम्मान करना नई पीढ़ी को सही दिशा दिखाने जैसा है। वक्ताओं ने महिला सशक्तिकरण, सामाजिक उत्थान और युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।
विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाएँ हुईं सम्मानित
"विजय गाथा सम्मान समारोह" के तहत शिक्षा, समाज सेवा, खेल, प्रशासन, महिला सशक्तिकरण, व्यवसाय, कला और संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट और उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिभाशाली व्यक्तित्वों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सम्मानित प्रतिभागियों के संघर्षों और सफलताओं की कहानियों ने वहाँ मौजूद हर व्यक्ति को भावुक और प्रेरित किया।





मीडिया और सोशल मीडिया जगत का मिला बड़ा साथ
इस भव्य आयोजन को व्यापक पहचान दिलाने में मीडिया और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स का बड़ा योगदान रहा। राज मीडिया से नवल किशोर शर्मा, द वुमानिया टाइम्स से संदीप द्विवेदी, अनुष्का शर्मा व तमन्ना शर्मा, और नित राजस्थान से राठौर पायल सहित कई लोकप्रिय कंटेंट क्रिएटर्स ने कार्यक्रम में शिरकत कर उत्साह बढ़ाया।



सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रेरक सत्रों से सजे इस कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों, सहयोगियों और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया गया। उपस्थित जनसमूह ने इस मंच की सराहना करते हुए इसे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाला एक सशक्त प्रयास बताया।
 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने