नई दिल्ली, संदीप द्विवेदी: देश के ग्रामीण और शहरी अनौपचारिक क्षेत्रों में अपने समुदायों के लिए लगातार काम कर रहे युवा जमीनी नेताओं को पहचान और सम्मान देने के उद्देश्य से संजॉय घोष ग्रासरूट्स लीडरशिप अवॉर्ड्स 2026 की घोषणा की गई है। यह पहल 2024 में शुरू की गई थी और संजॉय घोष के जीवन एवं उनके कार्यों से प्रेरित मूल्यों के आधार पर उन युवाओं को सम्मानित करती है, जो साहस, विश्वास और निरंतर प्रयासों के जरिए अपने समुदायों में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं।
इस वर्ष तीन जमीनी नेताओं का स्वतंत्र जूरी द्वारा चयन किया जाएगा। प्रत्येक विजेता को प्रशस्ति-पत्र के साथ ₹25,000 की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
अवार्ड का उद्देश्य ऐसे युवा नेतृत्व को सामने लाना है, जो सामाजिक और आर्थिक असमानताओं, गरीबी, लैंगिक भेदभाव, अवसरों की कमी और भौगोलिक दूरी जैसी चुनौतियों के बीच अपने समुदायों के साथ मिलकर बदलाव की दिशा में काम कर रहे हैं। आयोजकों के अनुसार, इन नेताओं का काम अक्सर बिना किसी बड़े प्रचार के समुदायों के बीच संबंध, विश्वास और स्थानीय संस्थाओं को मजबूत करने के माध्यम से आगे बढ़ता है।
कौन कर सकता है आवेदन?
अवार्ड के लिए 18 से 40 वर्ष की युवा महिलाएं, क्वीर, ट्रांस, नॉन-बाइनरी और अन्य जेंडर अल्पसंख्यक आवेदन कर सकते हैं। (पुरुष आवेदन के पात्र नहीं हैं). आवेदक ग्रामीण क्षेत्र यानी ग्राम पंचायत के अंतर्गत या शहरी अनौपचारिक बस्तियों में जमीनी स्तर पर काम कर रहा हो और अपने समुदाय में सामाजिक एवं आर्थिक क्षेत्र में कम से कम दो वर्ष का अनुभव रखता हो। इसके लिए किसी विशेष शैक्षणिक योग्यता की अनिवार्यता नहीं है।
आवेदकों को अपनी व्यक्तिगत यात्रा, समुदाय की चुनौतियों, अपने कार्यों, किसी प्रभावशाली अनुभव और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी साझा करनी होगी। आवेदन हिंदी, अंग्रेजी या आवेदक की सहज भाषा में किया जा सकता है। लिखित आवेदन के अलावा वीडियो और अन्य रचनात्मक माध्यमों से भी अपनी कहानी प्रस्तुत करने का विकल्प दिया गया है।
आवेदन के साथ संगठन का अनुभव प्रमाण-पत्र और आवश्यक व्यक्तिगत जानकारी वाला बायोडाटा भी जमा करना होगा।
इच्छुक उम्मीदवार ईमेल के माध्यम से अपना आवेदन और आवश्यक दस्तावेज awards@charkha.org पर भेज सकते हैं। ईमेल के विषय में “Leadership Awards 2026” लिखना होगा।
Google Form अथवा Google Drive के माध्यम से 3 से 5 मिनट का वीडियो भेजकर भी आवेदन किया जा सकता है।
अँग्रेजी लिंक - English link https://docs.google.com/forms/d/1h4CDldLNYRmCvbf0L8fhJMiE4O37uOtaC1ginVguUho/edit
आवेदन की अंतिम तिथि 10 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
अधिक जानकारी के लिए सोमवार से शुक्रवार, सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे के बीच +91 9811482810 / 8448519792 पर संपर्क किया जा सकता है।
संजॉय घोष ग्रासरूट्स लीडरशिप अवॉर्ड्स का उद्देश्य सिर्फ पुरस्कार देना नहीं, बल्कि उन जमीनी आवाजों और नेतृत्व की कहानियों को सामने लाना है, जो देश के दूर-दराज और वंचित समुदायों में बदलाव की नई राह बना रहे हैं।